फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में बम की सूचना, इमरजेंसी लैंडिंग

फुकेत, थाईलैंड के फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 को बम की सूचना मिलने के बाद आपात स्थिति में उतारा गया। यह विमान फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहा था और इसमें 156 यात्री सवार थे। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने फ्लाइट ट्रैकर ‘फ्लाइट्रेडर24’ के हवाले से बताया कि एअर इंडिया की इस फ्लाइट ने भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे (स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे) फुकेत एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। हालांकि, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान ने अंडमान सागर के ऊपर एक बड़ा चक्कर लगाया और लगभग 20 मिनट बाद फुकेत में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।
‘नेशन थाईलैंड’ ने जानकारी दी कि बम की धमकी मिलते ही फुकेत एयरपोर्ट ने तत्काल एयरपोर्ट कंटिन्जेंसी प्लान (ACP) को सक्रिय कर दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि धमकी को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस संबंध में अधिक जानकारी मिलने पर अपडेट दिया जाएगा। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







