
जबलपुर यशभारत। बीती रात कटनी से जबलपुर की ओर आ रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक सड़क हादसा पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजबाड़ा ढावा के पास हुआ जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस सड़क दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि करमेता निवासी 36 वर्षीय रवि शंकर विश्वकर्मा पिता लाल जी विश्वकर्मा वाहन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।बोलेरो तेज रफ्तार में थी, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि चालक वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि मृतक कटनी से किसी निजी कार्य से वापस जबलपुर लौट रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






