
भोपाल में भाजपा युवा मोर्चा का कांग्रेस कार्यालय घेराव, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प
भोपाल,यश भारत । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा के युवा मोर्चा कार्यकर्ता हजारों की संख्या में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया। कार्यालय के बाहर पहुंचने पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते-ही-देखते धक्का-मुक्की और हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं द्वारा एक-दूसरे पर लाठियां चलाने और पत्थर फेंकने की भी घटनाएं सामने आईं। हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे बैनर-पोस्टर और अन्य सामग्री के साथ भी तोड़फोड़ की तथा जोरदार नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी देर तक मशक्कत की, जिसके बाद हालात काबू में आए।भाजपा कार्यकर्ताओं के लौटने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर उन्होंने पुलिस बैरिकेडिंग की ओर कूच किया तथा पूरे घटनाक्रम के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जब उनकी पार्टी प्रदर्शन करती है तो पुलिस रोक लगाती है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय तक पहुंचने दिया गया, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
फिलहाल पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।







