भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का संस्कारधानी में हुआ भव्य स्वागत,युवाओं से विकास पर संवाद
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने रानी दुर्गावती को किया नमन

जबलपुर,यशभारत। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के संस्कारधानी जबलपुर में प्रथम नगर आगमन पर एक गरिमामय और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके शौर्य, स्वाभिमान और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के सदस्य चंद्रशेखर पटेल द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया गया। आयोजन को विशेष और स्मरणीय बनाते हुए वीरांगना रानी दुर्गावती के प्रेरणास्पद जीवन पर आधारित लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भारतीय इतिहास, संस्कृति और नारी शक्ति के गौरव से जोड़ा।
यह आयोजन केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि भारत की वीर परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। साथ ही प्रदेश और देश के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए बजट सत्र पर सार्थक संवाद भी हुआ, जिसमें युवाओं की भूमिका, जनकल्याण और विकास की दिशा पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर चंद्रशेखर पटेल, योगेंद्र सिंह ठाकुर, जय रोहणी, आशीष काटकर, ईशान नायक, शरद विश्वकर्मा, रोहन वैद्य, राहुल सिंह पटेल, अभिषेक वाल्मीक, शशांक विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







