
इंदौर यश भारत । आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने आज इंदौर में नगर निगम के उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल के विभिन्न ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों में बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई से नगर निगम में हड़कंप मच गया है।
EOW की टीमों ने मंगलवार सुबह चेतन पाटिल से संबंधित कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान, अधिकारियों को मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। इन प्रारंभिक जानकारियों के आधार पर, EOW ने तत्काल प्रभाव से नगर निगम स्थित चेतन पाटिल के कार्यालय को सील कर दिया है।
बताया जा रहा है कि चेतन पाटिल कई सालों से नगर निगम में उद्यान विभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद EOW ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
EOW की टीम फिलहाल बरामद दस्तावेजों और सुरागों की गहन जांच में जुटी हुई है। इस छापेमारी से नगर निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खलबली मच गई है, क्योंकि माना जा रहा है कि इस जांच के दायरे में और भी लोग आ सकते हैं। EOW का यह एक्शन भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।






