नशे के सौदागरों पर भोपाल पुलिस की कार्रवाई : दो महिला तस्करों समेत 6 गिरफ्तार

नशे के सौदागरों पर भोपाल पुलिस की कार्रवाई : दो महिला तस्करों समेत 6 गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर के आधा दर्जन थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने महिला तस्करों, बुजुर्गों और हिस्ट्रीशीटरों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 6 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है। इनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है।
प्रमुख कार्रवाइयां: कहाँ कौन फंसा?
अरेरा हिल्स: पुलिस ने भीम नगर खेल छात्रावास के पास घेराबंदी कर राजू राय (50) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम गांजा मिला है, जिसे वह ग्राहक को बेचने की फिराक में था।
गौतम नगर: यहाँ पुलिस ने कुख्यात तस्कर शिवम संकत को आरिफ नगर बस स्टैंड ग्राउंड से दबोचा। आरोपी के पास से 1 किलो 161 ग्राम गांजा मिला। शिवम एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शाहपुरा: पुलिस ने इंदिरा नगर मल्टी के पीछे से एक तस्कर को 775 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा। आरोपी सफेद थैले में खेप लेकर ग्राहक का इंतज़ार कर रहा था।
तलैया: सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड के भीतर चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सरोज कुचबंदिया नाम की महिला को गिरफ्तार किया। महिला से 578 ग्राम गांजा बरामद हुआ है।
निशातपुरा: यहाँ पुलिस ने 63 वर्षीय दीनदयाल साहू को भाग्य होटल के पास से पकड़ा। आरोपी अपने कपड़ों में छिपाकर 245 ग्राम गांजा बेचने की कोशिश कर रहा था।
रातीबड़: कॉलेज के पास नशा परोसने की कोशिश कर रही रानी बाई उम्र 58 साल को पुलिस ने 116 ग्राम गांजे और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ एडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। अब पुलिस की टेक्निकल टीम तस्करों के मोबाइल डेटा और संपर्कों के जरिए यह पता लगा रही है कि शहर में गांजे की इतनी बड़ी सप्लाई कहाँ से आ रही है और इस सिंडिकेट के पीछे असली मास्टरमाइंड’ कौन है।
इनका कहना है…
नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए भोपाल पुलिस संकल्पित है। शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों के पास नशा बेचने वालों पर हमारी पैनी नजर है। यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
संजय सिंह – भोपाल पुलिस आयुक्त







