भोपाल: रोशनपुरा चौराहे पर दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत

भोपाल: रोशनपुरा चौराहे पर दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत
‘पुलिस’ लिखी कार सवार ने दुकानदार पर चलाई गोली
भोपाल,यशभारत। राजधानी के अति व्यस्त रोशनपुरा चौराहे पर शुक्रवार की शाम उस समय दहशत फैल गई, जब एक शख्स ने दिनदहाड़े एक दुकानदार पर रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। यह सनसनीखेज वारदात देर शाम एमपी ऑनलाइन की एक दुकान के बाहर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ‘पुलिस’ लिखा हुआ वाहन चौराहे पर रुका। उसमें से उतरे एक व्यक्ति ने एमपी ऑनलाइन संचालक से कथित तौर पर 30,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे वापस मांगने पर की फायरिंग
दुकानदार ने जब आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने तैश में आकर रिवॉल्वर निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली सौभाग्य से दुकानदार को छूकर निकल गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।दूसरी गोली सड़क के पार सामने स्थित अक्षय ज्वेलर्स की दुकान के शीशे पर लगी, जिससे शीशे में छेद हो गया। फायरिंग की आवाज से पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर पुलिस बल तैनात
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की पहचान और उसे पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।







