
मुंबई, यश भारत भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता पवन सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। हरियाणा की अभिनेत्री अंजलि राघव द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर 2 अप्रैल को पेश होने के लिए तलब किया है। यह मामला अगस्त 2025 का बताया जा रहा है, जब लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह पर मंच पर अंजलि राघव को कथित रूप से अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था।
अंजलि राघव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके साथ बिना सहमति के अनुचित व्यवहार किया गया, जिससे उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद उन्हें मानसिक तनाव और अवसाद का सामना करना पड़ा तथा उनके करियर पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा। महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। 2 अप्रैल को दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा भी बुलाया जा सकता है। साथ ही, मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर सेल से रिपोर्ट भी मांगी जाएगी।
अंजलि राघव ने उम्मीद जताई है कि उन्हें इस मामले में न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनकी पेशेवर छवि प्रभावित हुई और उन्हें काम से भी हाथ धोना पड़ा। फिलहाल, इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई आयोग की जांच और सुनवाई के बाद तय होगी।







