कोलार, एमपी नगर, बैरागढ़ क्षेत्रों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान शेड, छप्पर, बाउंड्री वॉल सहित ठेले, काउंटर हटाए गए

भोपाल, यशभारत। शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात जाम से राहत देने की दिशा में नगर निगम का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण के निर्देश पर शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए कोलार रोड, एमपी नगर, बैरागढ़, जहांगीराबाद, माता मंदिर, नीलबड़, सर्वधर्म कॉलोनी, ज्योति टॉकीज, लिंक रोड, बोट क्लब सहित 20 से अधिक क्षेत्रों में फैले अवैध कब्जों को हटाया। कार्यवाही नगर निगम को सीएम हेल्पलाइन 181, कॉल सेंटर और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई।
इसके तहत निगम की टीमों ने सड?ों, फुटपाथों, कॉरिडोर, और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया। अतिक्रमण की कार्यवाही में बाग सेवनिया के विश्वकर्मा मंदिर क्षेत्र से 15 अवैध छप्पर हटाए गए। वाजपेयी नगर में बने एक अवैध शेड और बाउंड्री वॉल को तोड़ा गया। बैरागढ़ ईडन गार्डन व माता मंदिर क्षेत्र से अवैध भवन निर्माण सामग्री जब्त की गई। ज्योति टॉकीज कॉरिडोर से अतिक्रमण कर रखा गया सामान हटाया गया। वहीं जहांगीराबाद क्षेत्र में 2 चार पहिया वाहन जब्त किए गए। सड? किनारे, फुटपाथों पर लगे ठेले, काउंटर, मैगी नूडल्स, सब्जी आदि की दुकानें हटाते हुए 2 छत वाले ठेले भी जब्त किए गए
नगर निगम की यह कार्यवाही शहर के प्रमुख हिस्सों में हुई, जिनमें कोलार रोड, सर्वधर्म कॉलोनी, ललिता नगर, डी-मार्ट, एम.पी. नगर जोन 1 और 2, ज्योति टॉकीज, लिंक रोड नंबर 01 से 03, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, दानापानी रोड, नीलबड़, बाग सेवनिया, बैरागढ़, एयरपोर्ट रोड, वाजपेयी नगर, अशोका गार्डन, प्रभात कॉम्प्लेक्स, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक 01 और जहांगीराबाद शामिल हैं।







