उतरप्रदेशदेश

हाई टेंशन टॉवर पर फंदे से लटकता मिला बुजुर्ग, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

परिजन ने जताई हत्या की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रयागराज। औद्योगिक थाना क्षेत्र के मुंगारी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेत में स्थित हाई टेंशन बिजली टॉवर पर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुंगारी गांव के दमरी का पुरा निवासी देवीलाल हरिजन (60) पुत्र स्व. प्रभुनाथ के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने खेत में बने हाई टेंशन टॉवर पर शव लटकता देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

परिजन के मुताबिक, देवीलाल गुरुवार रात घर पर ही थे और परिवार के सभी सदस्य करीब 12 बजे सो गए थे। रात में किसी समय वह घर से निकल गए। सुबह उनके मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव टॉवर पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजन का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

ग्रामीणों के अनुसार देवीलाल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी गंगा देवी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटे अरुण कुमार और मुलायम गुजरात में मजदूरी करते हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा अंश घर पर ही रहता है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। औद्योगिक थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button