स्पेन-दुबई से लौटने के बाद सीएम ने की कैबिनेट बैठक – अनुपूरक बजट पर हुई चर्चा

स्पेन-दुबई से लौटने के बाद सीएम ने की कैबिनेट बैठक
– अनुपूरक बजट पर हुई चर्चा
भोपाल यशभारत। स्पेन और दुबई से लौटने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक की। इस दौरान अनुपूरक बजट पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विदेश दौर की जानकारी मंत्रियों को दी। मानसून सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले अनुपूरक बजट और वित्त विधेयकों पर भी चर्चा हुई है लेकिन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इसे लेकर जानकारी मीडिया से साझा नहीं की। विजयवर्गीय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने विदेश दौरे के दौरान डेटा सेंटर्स का निरीक्षण किया है। मध्य प्रदेश में विश्वसनीय डेटा सेंटर्स विकसित करने की योजना पर विचार किया गया है। कैबिनेट की बैठक के शुरूआत में सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि कैबिनेट में एमपी पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा गांधी सागर जल विद्युत गृह के अपग्रेडेशन को मंजूरी दी गई है। यहां राणा प्रताप राजस्थान द्वारा 75 मेगावाट का प्लांट भी संचालित किया जा रहा है। एमपी के हिस्से के 115 मेगावाट संयंत्र की क्षमता अब बढ़ाई जा रही है। 40 साल पुराने इस प्लांट के आधुनिकीकरण पर 464 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें सरकार का 30त्न हिस्सा होगा, शेष राशि लोन से जुटाई जाएगी।
बिजली दरों की चिंता तो सोलर एनर्जी अपनाएं
अगर किसी को बिजली की दरों को लेकर चिंता है, तो वह सोलर एनर्जी की ओर रुख करे। सोलर से न केवल खुद के लिए सस्ती बिजली मिल सकती है, बल्कि इसे बेचकर आमदनी भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम सोलर सूर्यघर योजना” के तहत आमजन को सस्ती सौर ऊर्जा की सुविधा दी है।
उज्जैन में आयोजित होने वाले व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर को 50 त्न की छूट दी गई है।
कैबिनेट में इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
पचमढ़ी को बायोस्फीयर रिजव घोषित किया गया है। राज्य सरकार जैव विविधता, टाइगर रिजर्व और पर्यावरणीय पर्यटन को लेकर गंभीर है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इन क्षेत्रों का समुचित विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने खाद वितरण को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सभी मंत्रियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में खाद की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बोनी का काम शुरू हो गया है, ऐसे में किसानों को समय पर खाद मिलना चाहिए। साथ ही, नकली खाद पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
महाकाल की सवारी इस बार लोक नृत्य थीम पर आधारित रही, जिसमें गुजरात के आदिवासी नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी गई।
मुख्यमंत्री ने बैठक से पहले बताया कि इस यात्रा के दौरान कुल 11119 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लगभग 14500 नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश के नक्शे पर एक नई पहचान दिलाने वाली रही और यूरोप तथा खाड़ी देशों में यह संदेश गया है कि मध्यप्रदेश निवेश के लिए मित्रवत राज्य है।
स्पेन की तकनीक अपनाएगा एमपी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि स्पेन में उद्यानिकी, फल उत्पादन और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का बेहतरीन उपयोग देखा गया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रदेश से कृषकों के अध्ययन दल स्पेन भेजे जाएंगे। वस्त्र व्यवसाय में लगे अंतरराष्ट्रीय समूह हरित ऊर्जा और प्राकृतिक खेती से उत्पादित सामग्री को प्राथमिकता देते हैं। इस दृष्टि से मध्य प्रदेश के उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में खास मांग है, जिसे देखते हुए सरकार इस दिशा में विशेष पहल करेगी।







