
सैनिक सोसायटी में छत से गिरी युवती की मौत
जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत सैनिक सोसायटी में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई युवती ने रविवार तड़के मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार रांझी स्थित बड़ा पत्थर क्षेत्र की निवासी कुमारी मानसी शुक्ला 23 वर्ष बीती 17 फरवरी को सैनिक सोसायटी स्थित अपनी बहन के घर आई हुई थी। दोपहर करीब 12:30 बजे मानसी अचानक छत से नीचे गिर गई, जिससे उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे लेकर निजी हॉस्पिटल पहुंचे, जहाँ दोपहर करीब 1 बजे उसे भर्ती कराया गया। 19 फरवरी की रात लगभग 10 बजे मानसी के जीजा ओम यामिनी उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज ले गए। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद युवती की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और रात लगभग 3:50 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर खमरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती छत से किन परिस्थितियों में गिरी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।







