जबलपुरमध्य प्रदेश

घोड़ी हटाने के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में

हनुमानताल थाना क्षेत्र के स्लॉटर हाउस की घटना

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना स्लॉटर हाउस के समीप रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है, जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने मोहम्मद सादिल उर्फ मोनू (24) पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मोनू को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक बारातों में घोड़ी उपलब्ध कराने का काम करता था। इसी दौरान घोड़ी हटाने को लेकर उसका जीशान नामक युवक से विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनू पर चाकुओं से हमला किया।

परिजनों ने बताया कि मोनू बारात से लौटने के बाद घोड़ी बांधकर घर वापस आ रहा था, तभी रास्ते में पांच से छह लोगों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर कई वार किए और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button