पुरानी रंजिश में युवक पर ब्लेड कटर से जानलेवा हमला, बदमाश गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवक पर ब्लेड कटर से जानलेवा हमला, बदमाश गिरफ्तार
हमीदिया में भर्ती घायल की निशानदेही पर टीला जमालपुरा का लिस्टेड बदमाश गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के गौतम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोकसे नगर मोड पर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने वारदात के महज 3 घंटे के भीतर दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी टीला जमालपुरा थाने का सूचीबद्ध गुंडा है, जिस पर शहर के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चोकसे नगर मोड स्थित शराब दुकान के सामने एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। तत्काल मौके पर पहुँची एफआरवी (FRV) ने घायल शाहिद (38), निवासी जहांगीराबाद को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। शाहिद के गले और बाएं हाथ की कलाई पर ब्लेड कटर से गहरे घाव थे।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
अस्पताल में बयान दर्ज कराते हुए पीड़ित शाहिद ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अरबाज उर्फ फुंसी ने जान से मारने की नीयत से उस पर अचानक कटर से हमला कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिसमें मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी अरबाज उर्फ फुंसी (26), निवासी हरिजन बस्ती, टीला जमालपुरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कुबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड कटर बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।







