भोपालमध्य प्रदेश

युवक ने फांसी लगा कर की आत्मह्त्या, प्रतियोगी परीक्षाओं की 7 साल से कर रहा था तैयारी

युवक ने फांसी लगा कर की आत्मह्त्या, प्रतियोगी परीक्षाओं की 7 साल से कर रहा था तैयारी

भोपाल, यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित शालीमार स्लेयिंग अपार्टमेंट में बुधवार तड़के एक 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान धीरेंद्र सिंह जाट के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला था और पिछले सात सालों से भोपाल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार, धीरेंद्र ने अपने ड्राइंग रूम में पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। बुधवार सुबह जब पत्नी की नींद खुली, तो उन्होंने शव को फंदे से लटका देख परिजनों और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही ऐशबाग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि धीरेंद्र ने भोपाल के ही एक निजी कॉलेज से बीटेक किया था। डिग्री पूरी करने के बाद से ही वह सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। धीरेंद्र के पिता एक सरकारी बीमा कंपनी में कार्यरत हैं।

धीरेंद्र के चाचा भगत सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम को उनकी धीरेंद्र से सामान्य बातचीत हुई थी। उसने अगले महीने अपने चचेरे भाई के जन्मदिन पर ग्वालियर आने और एक अच्छा तोहफा लाने का वादा भी किया था। परिजनों ने किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद या तनाव की बात से इनकार किया है।

ऐशबाग थाना पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे ठोस कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया चैट के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह किसी मानसिक दबाव या परीक्षा को लेकर तनाव में था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button