मार्बल घिसाई करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत

मार्बल घिसाई करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना इलाके में मंगलवार दोपहर लालघाटी स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर मार्बल की घिसाई कर रहे 25 वर्षीय श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मशीन का तार कटा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मशीन की आवाज बंद हुई तो चला पता
पुलिस के अनुसार, सोनू वर्मा (25) पिता पूरन सिंह वर्मा, मूल रूप से राजगढ़ का निवासी था और वर्तमान में भानपुर की मल्टी में किराए से रहकर मार्बल घिसाई मशीन ऑपरेटर का काम करता था। मंगलवार दोपहर वह लालघाटी स्थित साइट पर मार्बल क्लिनिंग कर रहा था। इसी दौरान मशीन के कटे हुए तार से उसे जोरदार करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। काफी देर तक जब मशीन चलने की आवाज नहीं आई, तो साइट पर मौजूद अन्य साथी उसे देखने पहुंचे।
अस्पताल में तोड़ा दम
साथी कर्मचारी सोनू को बेसुध हालत में तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोहेफिजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। कटे हुए तार के साथ मशीन का संचालन करना बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।







