यश भारत भोपाल।

युवाओं के साथ संवाद से नई शुरुआत, लाल परेड मैदान में आज सजा युवा महाकुंभ
20 हजार से अधिक युवाओं से रूबरू होंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल का लाल परेड मैदान आज युवाओं की ऊर्जा और संवाद का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। यहां सीएम यूथ कॉनक्लैव 2026 का आयोजन शुरू हो गया है। प्रदेशभर से 20 हजार से अधिक युवाओं के इसमें शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और शिक्षा रोजगार कौशल विकास नवाचार सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कॉनक्लैव को लेकर लाल परेड मैदान में व्यापक तैयारियां की गई हैं। आलीशान टेंट आकर्षक लाइटिंग म्यूजिक और अन्य व्यवस्थाओं के साथ कार्यक्रम स्थल को तैयार किया गया है। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात समेत आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर ने भी लाल परेड मैदान पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं देखा
संवाद के साथ संगीत का रंग, जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुति
कॉनक्लैव का प्रमुख आकर्षण युवाओं के साथ मुख्यमंत्री का सीधा संवाद रहेगा। विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र छात्राओं को अपनी बात रखने और सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। शिक्षा रोजगार कौशल स्टार्टअप और नवाचार जैसे विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव सामने आएंगे।
कार्यक्रम में मशहूर गायक जुबिन नौटियाल की लाइव प्रस्तुति भी होगी जिसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। इसके साथ ही कबीर कैफे की प्रस्तुति कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरेगी।
जेन-जी के दौर में युवाओं तक पहुंच का नया मंच
यह आयोजन केवल संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है बल्कि बदलते युवा दौर के साथ राजनीतिक और सामाजिक संवाद के नए तरीकों की ओर भी संकेत करता है। जेन-जी के दौर में युवाओं की बदलती अपेक्षाओं, डिजिटल जुड़ाव और नए विचारों को मंच देने की कोशिश इस आयोजन के केंद्र में नजर आती है।
भारतीय जनता पार्टी और सरकार की ओर से युवाओं के बीच संवाद बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में यूथ कॉनक्लैव को युवाओं के साथ सीधे संवाद और उनके मुद्दों को सुनने के एक बड़े मंच के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, आयोजन का केंद्र युवाओं से संवाद उनकी भागीदारी और उनके विचारों को सामने लाना है। लाल परेड मैदान में होने वाला यह आयोजन युवाओं संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का एक साथ मंच तैयार कर रहा है। मुख्यमंत्री के संवाद और कलाकारों की प्रस्तुतियों के चलते कार्यक्रम को लेकर राजधानी में खासा उत्साह बना हुआ है।







