मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने तालाब में कूदकर दी जान, पति की गोद में तोड़ा दम

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने तालाब में कूदकर दी जान, पति की गोद में तोड़ा दम
जबलपुर,यश भारत। जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र के शिवराजी वार्ड में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने सोमवार रात घर से अचानक लापता होकर तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 46 वर्षीय पार्वती तिवारी पत्नी बाबूल उर्फ मंगल तिवारी के रूप में हुई है। महिला पिछले दस वर्षों से मानसिक रूप से बीमार थी और उसका इलाज जबलपुर के निजी चिकित्सकों से चल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 24 जून की रात लगभग 10:30 बजे की है। मृतका का पति मंगल तिवारी, जो कि शिवराजी वार्ड में ही रहता है, ने बताया कि रात के समय वह अपने घर में मौजूद था और उसकी पत्नी पार्वती घर पर ही थी। जब वह कुछ समय के लिए बाहर गया और लौटा, तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। उसने अपनी बुजुर्ग बुआ को बुलाकर दरवाजा खुलवाया, लेकिन पत्नी घर में नहीं मिली। परिवार वालों ने जब खोजबीन की तो रात 12 बजे के लगभग पार्वती तालाब के पास मिली। लोगों ने उसे बाहर निकाला और फौरन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि पार्वती तिवारी की मानसिक हालत पिछले कई वर्षों से असंतुलित थी और वह कई बार घर से निकल चुकी थी। पति ने बताया कि उनका कोई संतान नहीं है और पार्वती की बीमारी के चलते परिवार पहले से ही परेशान था।
घटना की सूचना मिलने पर पनागर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







