भोपालमध्य प्रदेश

लालघाटी फ्लाईओवर के नीचे भीषण आग, यातायात बाधित

Table of Contents

लालघाटी फ्लाईओवर के नीचे भीषण आग, यातायात बाधित

एसीपी पैनल और प्लाईवुड में लगी आग, 3 दमकलों ने पाया काबू

भोपाल, यशभारत। शुक्रवार को लालघाटी चौराहे पर स्थित फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए एसीपी (एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल) और अन्य सामग्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि ब्रिज पर लगी लाइटिंग और नीचे जमा कचरा भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे लपटें और तेज हो गईं। तत्काल 3 दमकलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन इस घटना से फ्लाईओवर के नीचे हुआ लाखों का सौंदर्यीकरण का काम जलकर नष्ट हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना कोहेफिजा से लालघाटी की ओर जाने वाले रास्ते के नीचे हुई, जो वीआईपी रोड, बैरागढ़ और एयरपोर्ट रोड को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण चौराहा है। आग लगने के कारण दोनों ओर का यातायात काफी देर तक रुका रहा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

फायर स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, बैरागढ़ से 2 और फतेहगढ़ से 1 दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। बैरागढ़ स्टेशन के फायर फाइटर मुबारिक अहमद ने बताया कि आग लगने का स्पष्ट कारण अभी ज्ञात नहीं है, लेकिन आशंका है कि यह शार्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील वस्तु के कारण लगी होगी। सबसे पहले फ्लाईओवर के सौंदर्यीकरण में इस्तेमाल किए गए प्लाईवुड और एसीपी शीट (एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल) में आग लगी। ऊपर की लाइटों के पोल भी इसकी चपेट में आ गए।

आग बुझाने वाले दल ने बताया कि नीचे बैरागढ़ की ओर जाने वाले रास्ते पर आग लगी थी। फ्लाईओवर के नीचे स्थित एक मजार तक आग पहुंचने से पहले ही उसे नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि फ्लाईओवर के नीचे का यह हिस्सा हाल ही में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा सुंदर बनाया गया था। यहां वुडन फिनिश देने के लिए एसीपी शीट का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी लाइफ 10 साल बताई गई थी। साथ ही, सीएनसी पद्धति से राजा भोज की थीम पर आकर्षक पेंटिंग और खूबसूरत लाइटिंग भी लगाई गई थी। आग से यह सारा काम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button