जबलपुर पुलिस ने हरियाणा से युवती को किया दस्तयाब : 2 साल से था प्रेम प्रसंग, संदेही के साथ विवाह कर बसा लिया था घर

जबलपुर, यशभारत। घमापुर पुलिस ने 2 महिने पहले घर से अचानक गायब हुई युवती को हरियाणा से दस्तयाब किया है। युवती यहां संदेही युवक के साथ घर बसाकर रह रही थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर फर्रुखाबाद से दोनों को पकड़ा है। वहीं, परिजनों को भी मामले की खबर दी गई है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई जारी है।
दिलीप मिश्रा एसआई घमापुर ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 9 अगस्त 2022 को घमापुर, बल्दीकोरी की दफाई निवासी परिजनों ने शिकायत की थी कि उनकी 21 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए अचानक गायब हो गयी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमइंसान कायम कर, मामला जांच में लिया था।
हरियाणा में मिली लोकेशन
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद लगातार पुलिस फोन लोकेशन ट्रेस कर रही थी। जिसके बाद पता चला कि लोकेशन हरियाणा के फर्रुखाबाद थाना में मिल रही है। जिसके बाद तत्काल टीम गठित कर, पुलिस पार्टी हरियाणा पहुंची।
प्रेम-प्रसंग के बाद कर लिया विवाह
पुलिस ने बताया कि दस्तयाब युवती ने बताया कि उसका दो वर्षों से युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके बाद दोनों ने जबलपुर के एक मंदिर में विवाह किया और फिर हरियाणा चले गए। जहां एक हार्डवेयर दुकान में मजदूरी करने लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







