गर्भवती पत्नी को दाने-दाने के लिए किया मोहताज : दहेज में बाइक और एक लाख की डिमांड पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से भगाया

जबलपुर, यशभारत। मझौली में दहेज प्रताडऩा का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जहां पिछले वर्ष शादी होने के बाद से ही पति दहेज में बाइक और एक लाख की मांग कर प्रताडि़त रहा है तो वहीं सास, ससुर और देवर भी उलाहना दे रहे है। इतना ही नहीं गर्भवती पत्नी को ससुराल पक्ष ने दाने-दाने के लिए मोहताज कर दिया और मारपीट कर घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पुलिस ने मामला जांच में लेकर, पड़ताल शुरु कर दी है।
जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय पीडि़ता निवासी ग्राम उमरिया गोसलपुर ने बताया कि उसका विवाह पिछले साल ही हिन्दू रीति रिवाज से ग्राम उमरिया थाना गोसलपुर निवासी आकाश पटैल के साथ हुआ था। शादी में उसके पिता ने पांच लाख रूपये नगद दिये थे शादी के लगभग 20 दिन बाद दूसरी बार ससुराल गयी उसके पति ने कुछ दिन तक ठीक से रखा इसके बाद दहेज में बाइक एवं 1 लाख रूपये की मांग करने लगा, उसकी सास, ससुर,देवर सभी उसके पति का साथ देते हुये दहेज की मांग कर उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे । वह जब मायके आती थी तो मायके वालों केा बताती थी , मायके वाले समझाते थे कि सब ठीक हो जायेगा लेकिन ससुराल वाले नहीं मानते और दहेज की मांग कर आये दिन उसके साथ मारपीट करते थे। पीडि़ता ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे खाना पीना नहीं देते थे ओर रात में मारपीट कर घर से निकाल देते थे उसने अपने माता पिता को बताया तो पिता ने अपने रिश्तेदारों को ले जाकर ससुराल वालों को समझाया। लेकिन कोई असर नहीं हुआ। पिछले दिन पति ने उसके साथ मारपीट कर गला दवा दिया। उसने अपनी जान बचाई एवं रात में उसके सभी जेवर ले लिये उसके गर्भवती होने के बाद भी उसे घर से निकाल दिये है।






