JABALPUR NEWS- पीएसएम काॅलेज के व्याख्याता दिव्यांग रामनरेश पटेल पर दिव्यांगों के राशन, भोजन और दवाईयों पर कमीशन मांगने का आरोप, सभी पदों से हटाया गया

जबलपुर, यशभारत। पीएसएम काॅलेज के व्याख्याता दिव्यांग रामनरेश पटेल को सामाजिक न्याय विभाग की संस्थाओं के सभी पदों से हटाने की कार्रवाई की गई है। व्याख्याता रामनरेश पटेल पर दिव्यांगों के राशन, भोजन और दवाईयों के बिल में कमीशन मांगने का आरोप है। इसी आधार पर रामनरेश को सारे पदों से मुक्त किया गया है।

खुद दिव्यांग फिर भी दिव्यांगों की भलाई नहीं सोची
कलेक्टर डाॅक्टर इलैया राजा टी को निः शक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने एक पत्र भेजा है जिसमें विकलांग संगठनों द्वारा व्याख्याता रामनरेश पटेल के खिलाफ की गई शिकायतों का जिक्र कर तत्काल सभी पदों से हटाने को कहा गया है। निः शक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने अपने पत्र में कहा कि रामनरेश पटेल खुद दिव्यांग है बाबजूद दिव्यांगों के हितों में सोचने की वजाए उनके हक पर डाका डाल रहे हैं। दिव्यांगों के मिलने वाली सुविधाओं पर कमीशन मांगना जायज नहीं है।

जांच के लिए कलेक्टर ने बनाई तीन सदस्यीय कमेटी
कलेक्टर डाॅक्टर इलैयाराजा टी ने निः शक्तजन आयुक्त संदीप रजक के पत्र आने के बाद तत्काल व्याख्याता रामनरेश पटेल के खिलाफ जांच शुरू करने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है। तीन सदस्यीय टीम दिव्यांग संगठनों द्वारा की गई शिकायत की जांच करेगी।
इन विभागों में हुआ भ्रष्टाचार
दिव्यांग रामनरेश पटेल शासकीय मानसिक रूप से अविकसित बालगृह और शासकीय राज्य अपंग कल्याण विभाग में आहरण-वितरण सहित तमाम लाभ के कार्य देख रहे थे। दोनों विभाग के दिव्यांगों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। शिकायत आने के बाद दोनों विभाग से दिव्यांग व्याख्याता को अलग कर दिया गया है।







