सूने मकानों को निशाना बनाने वाली चोरों की गैंग का पर्दाफाश, 8 वारदातों का खुलासा

जबलपुर,यशभारत। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में अगस्त माह के दौरान सूने मकानों में लगातार हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में एक के बाद एक आठ चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 तोला सोना, एक किलो चांदी, एक ईको पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, अगस्त माह में संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए गोरखपुर सीएसपी एमडी नागोतिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी संजीवनी नगर एवं चौकी प्रभारी धनवंतरी नगर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध की जानकारी मिली और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दमोह निवासी राकेश विश्वकर्मा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जबलपुर में किराए का मकान लेकर रहता था और दिन में सूने मकानों की रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही सब्बल से मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी करने के बाद वह दमोह चला जाता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके। पूछताछ में उसने संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में आठ चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में शहर की अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।







