सिंगापुर में छाई मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट कला, विदेशी भी हुए मुरीद स्पिक मैके के आयोजन में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बिलाल और डॉ. आरिफ खत्री ने दिखाई कारीगरी, प्रवासी भारतीयों ने की जमकर खरीदारी

सिंगापुर में छाई मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट कला, विदेशी भी हुए मुरीद
स्पिक मैके के आयोजन में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बिलाल और डॉ. आरिफ खत्री ने दिखाई कारीगरी, प्रवासी भारतीयों ने की जमकर खरीदारी
भोपाल,यश भारत। मध्यप्रदेश की पारंपरिक बाग हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग कला ने सिंगापुर में अपनी अनूठी छाप छोड़ी है। सांस्कृतिक संस्था स्पिक मैके के तत्वावधान में सिंगापुर के सिफास मल्टीपर्पज स्टूडियो सहित अन्य प्रमुख स्थल पर 24 और 25 नवंबर को आयोजित हस्तकला प्रदर्शनी में बाग प्रिंट आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और डॉ. मोहम्मद आरिफ खत्री ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में स्थानीय नागरिकों, विदेशी कला प्रेमियों और प्रवासी भारतीयों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के ठप्पों से तैयार साड़ियों, सूट, स्टोल और दुपट्टों की जमकर खरीदारी हुई। आयोजन की खासियत लाइव वर्कशॉप रही जहां बिलाल और आरिफ खत्री ने लोगों को ब्लॉक प्रिंटिंग की बारीकियां सिखाईं। विदेशी मेहमानों ने स्वयं कपड़ों पर ठप्पे लगाकर रुमाल तैयार किए और उन्हें यादगार के रूप में अपने साथ ले गए। इस आयोजन ने भारतीय हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।







