अधारताल स्टेशन पर विकास की रफ्तार बेपटरी, वादों की एक्सप्रेस वर्षों से खड़ी..! दो प्लेटफार्म और चार रेल लाइनों के भरोसे हजारों यात्रियों का सफर

जबलपुर यशभारत। शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल अधारताल रेलवे स्टेशन आज भी विकास की बाट जोह रहा है। एक ओर रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अधारताल स्टेशन की तस्वीर इन दावों से बिल्कुल उलट नजर आती है। यहां यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के बावजूद न तो पर्याप्त प्लेटफार्म हैं और न ही एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक सुरक्षित पहुंचने के लिए पैदल पुल की सुविधा। हालात यह हैं कि यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए रेल लाइन पार करने का जोखिम उठाना पड़ता है।
चार रेल लाइनें, लेकिन प्लेटफार्म महज दो
अधारताल स्टेशन पर चार रेल लाइनें होने के बावजूद यात्रियों के लिए केवल दो प्लेटफार्म उपलब्ध हैं। ट्रेनों की आवाजाही और यात्रियों की संख्या के लिहाज से यहां सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। प्लेटफार्म की कमी के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है, जब यात्रियों को ट्रेन पकड़ने या उतरने के बाद दूसरी ओर जाने के लिए रेल पटरियां पार करनी पड़ती हैं। इसमें बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए खतरा और भी बढ़ जाता है।
12 प्लेटफार्म की योजना का क्या हुआ..?
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले अधारताल स्टेशन को बड़े स्तर पर विकसित करने की योजना सामने आई थी। इसमें 12 प्लेटफार्म तैयार करने की बात कही जा रही थी। इसके अलावा स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित करने की भी योजना थी, ताकि ट्रेनों के संचालन का दबाव कम करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। लेकिन समय गुजरने के साथ ये योजनाएं ठंडे बस्ते में जाती नजर आ रही हैं। न तो प्लेटफार्म विस्तार की दिशा में कोई ठोस तस्वीर सामने आई और न ही टर्मिनल बनाने की योजना जमीन पर उतर सकी।
स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव
अधारताल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। स्टेशन पर न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान। यहां तक कि साइकिल और दोपहिया वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित स्टैंड भी उपलब्ध नहीं है। ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को इधर-उधर खड़े होकर समय बिताना पड़ता है। गर्मी हो या सर्दी, पानी और बैठने की सुविधा का अभाव यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है। सवाल यह है कि रेलवे स्टेशन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को आखिर कब बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी?
यात्रियों की सुरक्षा से कब तक समझौता..?
अधारताल स्टेशन से प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित आवागमन की है। पैदल पुल जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में रेल लाइन पार करना मजबूरी बन रहा है। ऐसे में कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। सवाल यह है कि रेलवे प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है या फिर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधारताल स्टेशन के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएगा..?
दोनों दिशाओं में इन गाड़ियों का है स्टॉपेज
-कटनी -भुसावल एक्सप्रेस
-इटारसी- प्रयागराज (छिवकी)
-रीवा- जबलपुर
-आधारताल -रानी कमलापति
-कटनी -इटारसी मेमू








