इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों को मिलेगा कस्टम्स और जीएसटी का मार्गदर्शन, रिटायर्ड IRS अधिकारी देंगे टैरिफ और व्यापार नीतियों की जानकारी
मुंबई, यश भारत

मुंबई, यश भारत। इलेक्ट्रॉनिक्स आयात और निर्यात कारोबार को आसान बनाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (AIEA) वेस्ट ज़ोन ने ट्रेड ब्रिज एडवाइज़र्स LLP (TBA) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत TBA को कस्टम्स, जीएसटी और विदेश व्यापार नीति के मामलों में एसोसिएशन का नॉलेज एवं एडवाइजरी पार्टनर बनाया गया है।समझौते पर AIEA की ओर से राष्ट्रीय महासचिव मितेश मोदी और अध्यक्ष मनोज अडवानी ने हस्ताक्षर किए। वहीं ट्रेड ब्रिज एडवाइज़र्स की ओर से फाउंडिंग पार्टनर एवं रिटायर्ड IRS अधिकारी आरके जैन तथा एसोसिएट पार्टनर राजीव मागू ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों को आयात-निर्यात शुल्क, टैरिफ में बदलाव, मुक्त व्यापार समझौतों (FTA), जीएसटी और सरकार की नई व्यापार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। रिटायर्ड IRS अधिकारियों का अनुभव कारोबारियों को नियमों और प्रक्रियाओं को समझने में मदद करेगा।TBA सदस्यों की व्यापार संबंधी समस्याओं को संबंधित सरकारी विभागों के सामने उठाने, नीतिगत सुझाव देने और उनके समाधान में सहयोग करेगा। इसके अलावा हर तिमाही सेमिनार, संवाद सत्र और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। नए सरकारी नोटिफिकेशन और व्यापार नीतियों में बदलाव की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। AIEA महासचिव मितेश मोदी ने कहा कि बदलते व्यापार नियमों के बीच सदस्यों को भरोसेमंद मार्गदर्शन मिलेगा। वहीं आरके जैन ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य सरकारी नीतियों और व्यापारियों के बीच की दूरी कम करना तथा कारोबार को सुगम बनाना है।







