जबलपुर आईटीआई में अब 5 हजार युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
उद्योगों की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम और प्लेसमेंट बढ़ाने के निर्देश

जबलपुर, यश भारत। महाकौशल के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जबलपुर की प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाई जाएगी। प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने शुक्रवार को संस्थान का निरीक्षण कर वर्तमान क्षमता 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार प्रशिक्षार्थी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अधोसंरचना और संसाधनों के विस्तार की कार्ययोजना जल्द तैयार करने को कहा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत किए गए निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने ड्रोन तकनीशियन, फैशन टेक्नोलॉजी, मैकेनिक मोटर व्हीकल और जेरियाट्रिक ओल्ड एज केयर ट्रेड की प्रयोगशालाओं एवं कार्यशालाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

प्रशिक्षार्थियों से किया सीधा संवाद
मुख्य सचिव ने विभिन्न ट्रेड के छात्र-छात्राओं से चर्चा कर उनके प्रोजेक्ट, तकनीकी दक्षता और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्लेसमेंट और स्वरोजगार पर जोर
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप अपडेट किया जाए, ताकि प्रशिक्षार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट और स्वरोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, संयुक्त संचालक डॉ. अर्पित शुक्ला और आईटीआई प्राचार्य अमित आठ्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







