₹100 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर , 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे लाल परेड मैदान में होगा मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन

₹100 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर
- 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे लाल परेड मैदान में होगा मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन
भोपाल, यश भारत। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने परमपूज्य संत श्री रावतपुरा सरकार महाराज के साथ छोला स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और छोला दशहरा मैदान का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद मंत्री सारंग ने संत श्री रावतपुरा सरकार के साथ लाल परेड मैदान पहुंचकर 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले मां राजराजेश्वरी के कुमकुम अर्चन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया।
शाम 7 बजे होगा मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन
मंत्री सारंग ने बताया कि संत श्री रावतपुरा सरकार महाराज के सानिध्य में 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे लाल परेड मैदान में मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को कोई प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। अर्चन और पूजन के लिए आवश्यक समस्त सामग्री भी आयोजन समिति की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को मां राजराजेश्वरी के कुमकुम अर्चन में सहभागी बनने का अवसर देना है। श्रद्धालुओं को केवल कार्यक्रम में शामिल होना होगा, प्रवेश और पूजन सामग्री के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंत्री सारंग और संत श्री रावतपुरा सरकार ने लाल परेड मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुगम आवागमन बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गई, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
100 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा भव्य कॉरिडोर
छोला स्थित श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर का विकास लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से विकसित किया जा रहा है। इसके निर्माण से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन व्यवस्था के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना के अंतर्गत भव्य कॉरिडोर सुगम आवागमन और दर्शन व्यवस्था दर्शक दीर्घा सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आवश्यक अधोसंरचना तथा पार्किंग सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ने के साथ बड़े धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के संचालन में भी मदद मिलेगी।
धार्मिक विरासत के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर का निर्माण धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार की भावना से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मंदिर की धार्मिक महत्ता को बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक गतिविधियों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए अधिक सुविधाजनक स्वरूप में विकसित होगा।







