जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने बनाया इतिहास, एक करोड़ 35 लाख आवेदन आए, 18 गुना ओवर सब्सक्राइब, पिछला रिकॉर्ड टूटा, निवेशकों में जबरदस्त उत्साह

मुंबई,यशभारत । जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को लेकर निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, आईपीओ के लिए आवेदनों की संख्या 1.35 करोड़ के पार पहुंच गई। 18 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ।
एंकर निवेशकों को छोड़कर ही मांग ₹4 लाख करोड़ के पार पहुंच गई।
एंकर निवेशकों सहित कुल मांग ₹6.5 लाख करोड़ से अधिक रही। यह भारतीय आईपीओ बाजार के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। जानकारी के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स ने वारी एनर्जीज के लगभग 97 लाख आवेदनों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले बजाज हाउसिंग फाइनेंस और बीसीसीएल के आईपीओ को भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले थे। जियो के आईपीओ में निवेशकों की बढ़ती भागीदारी डिजिटल सेवाओं और कंपनी की कारोबारी संभावनाओं में उनकी दिलचस्पी को दर्शाती है। आईपीओ के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 21 अक्टूबर को शुरू हुई थी और आज 23 अक्टूबर को समाप्त हुई। निवेशको ने आज शाम 7 बजे तक बोली लगाई। यूपीआई से आवेदन करने वालों को निर्धारित समय तक भुगतान संबंधी अनुमति भी स्वीकार करनी थी। जियो प्लेटफॉर्म्स की यह पेशकश रिलायंस समूह के डिजिटल कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निवेशकों की व्यापक भागीदारी से भारतीय पूंजी बाजार में खुदरा और अन्य निवेशकों की बढ़ती रुचि का संकेत मिलता है।







