गुजरात में 25.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद, दिल्ली-मेरठ के तीन आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद। गुजरात में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद और सूरत क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 25.5 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन और एमडी ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने मौके से दिल्ली और मेरठ के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अहमदाबाद में सीटीएम टोल नाके के पास एक्सप्रेस हाईवे पर रामोल थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 4.531 किलोग्राम हेरोइन और 2.497 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 25.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नई दिल्ली निवासी 44 वर्षीय तिफेल नोकहेज, मेरठ निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद इमरान अल्वी और नई दिल्ली निवासी 59 वर्षीय कफील अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों से संबंध रहा है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें गुजरात में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







