मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को मतदान, इसी दिन आएंगे नतीजे

मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को मतदान, इसी दिन आएंगे नतीजे
- एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, 2 नवंबर तक भरे जाएंगे नामांकन
भोपाल, यश भारत । केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्यप्रदेश में रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए 12 नवंबर को मतदान कराने का निर्णय लिया है। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 5 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 12 नवंबर को मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होगी।
भाजपा की एक सीट हुई रिक्त
एल. मुरुगन का राज्यसभा कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था, लेकिन उनके इस्तीफे के कारण मध्यप्रदेश से राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई। प्रदेश में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। मुरुगन के इस्तीफे से पहले भाजपा के आठ और कांग्रेस के तीन सांसद राज्यसभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। अब भाजपा के सात सांसद हैं, जबकि एक सीट रिक्त है।
जीत के लिए 116 विधायकों का समर्थन जरूरी
मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं। यदि सभी विधायक मतदान करते हैं और कोई मत अवैध नहीं होता है, तो राज्यसभा की इस एक सीट पर जीत के लिए उम्मीदवार को 116 मतों का कोटा हासिल करना होगा। ऐसे में उपचुनाव में विधानसभा में राजनीतिक दलों की संख्या बल की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी। चुनाव के जरिए रिक्त सीट पर नए सदस्य का चयन किया जाएगा।







