Jabalpur news : विसर्जन की खुशियां मातम में बदलीं, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो की मौत,आठ घायल

जबलपुर,यशभारत। विजयादशमी के बाद माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान मझौली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार देर रात नीला तालाब के पास विसर्जन जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक लोग करंट लगने से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माता रानी की प्रतिमा लेकर श्रद्धालुओं का जुलूस नरीला तालाब की ओर जा रहा था। इसी दौरान प्रतिमा, डीजे अथवा वाहन का कोई हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते करंट की चपेट में कई लोग आ गए। अचानक हुए हादसे से जुलूस में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
दो युवकों ने तोड़ा दम, घायलों का इलाज जारी
हादसे में विकास राजपूत (23) और प्रिंस चौहान (19) की मौत हो गई। वहीं, आठ से अधिक लोग करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस के जरिए सभी को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बिजली लाइन की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी संबंधित विभाग से जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे ने धार्मिक आयोजनों के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







