टहल रही महिला के पैर में धंसी गोली, पर हुआ ही नहीं दर्द का अहसास; ऑपरेशन कर निकाली गई बुलेट

भोपाल: टहल रही महिला के पैर में धंसी गोली, पर हुआ ही नहीं दर्द का अहसास; ऑपरेशन कर निकाली गई बुलेट
भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीला जमालपुरा इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर के बाहर टहल रही एक महिला के पैर में गोली धंस गई, लेकिन शुरुआत में उसे इसका बिल्कुल भी अहसास नहीं हुआ। पैर से खून बहने और दर्द बढ़ने पर जब वह निजी अस्पताल पहुंची, तब डॉक्टरों ने जांच के बाद गोली फंसे होने की पुष्टि की। सोमवार को चिरायु अस्पताल में ऑपरेशन कर महिला के पैर से गोली सुरक्षित बाहर निकाल ली गई।
हैदर अपार्टमेंट के पीछे हुई घटना, नहीं हुई आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, कबीटपुरा टावर के पास रहने वाली 43 वर्षीय सायरा खान मार्केटिंग का काम करती हैं, जिनका करीब 15 साल पहले पति से तलाक हो चुका है। रविवार शाम करीब सात बजे वह हैदर अपार्टमेंट के पीछे वाली गली में घर के बाहर टहल रही थीं। कुछ देर बाद जब वह घर लौटीं, तो उनके पैर में तेज दर्द होने लगा। देखने पर खून निकलता मिला, जिसके बाद वह तुरंत अस्पताल पहुंचीं।
अस्पताल प्रबंधन ने रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस को इस मामले की सूचना दी। पुलिस की पूछताछ में पीड़िता सायरा ने किसी भी तरह के विवाद या पुरानी रंजिश से साफ इनकार किया है और किसी पर भी संदेह नहीं जताया है। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि गोली किस दिशा से और किसने चलाई।
शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि फायरिंग पिस्टल से की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीला जमालपुरा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इस वारदात को किसने अंजाम दिया।







