घायलों का हाल जानने पहुंचे CM मोहन यादव, काफिले के सामने सड़क पर लेटी महिला, ग्वालियर में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अचानक मचा हड़कंप, सुरक्षाकर्मियों ने महिला को समझाकर शांत कराया

घायलों का हाल जानने पहुंचे CM मोहन यादव, काफिले के सामने सड़क पर लेटी महिला
ग्वालियर में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अचानक मचा हड़कंप, सुरक्षाकर्मियों ने महिला को समझाकर शांत कराया
यश भारत भोपाल /ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में घायल लोगों का हाल जानने ग्वालियर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान सोमवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर से लौट रहे मुख्यमंत्री के काफिले के सामने एक महिला सड़क पर लेट गई। महिला के इस अप्रत्याशित कदम से मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई। इसके बाद सुरक्षा में तैनात जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए महिला को सड़क से हटाया और समझाइश देकर शांत कराया।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों के इलाज की जानकारी ली
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शीतला माता मंदिर हादसे में घायल लोगों का हाल जानने जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से उपचार की व्यवस्थाओं और घायलों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में चर्चा की।
बेहतर इलाज के लिए सरकार प्रतिबद्ध
अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही।
हादसे की जांच जारी
मुख्यमंत्री ने शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर कहा कि मामले की जांच जारी है और इस संबंध में तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। सरकार की ओर से घायलों के उपचार और हादसे की जांच पर ध्यान दिया जा रहा है।







