150 जवान कम, फिर भी व्यवस्था चाक-चौबंद; एसपी संपत उपाध्याय के नेतृत्व में शांतिपूर्ण रहा नवरात्रि उत्सव
सुरक्षा से लेकर यातायात तक हर व्यवस्था पर रही नजर

रिपोर्टर {आकाश पांडेय } जबलपुर, यश भारत। नवरात्रि में शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए उमड़ते जनसमूह के बीच कानून-व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहती है। इस बार जबलपुर को त्योहार के लिए मिलने वाला करीब 150 जवानों का अतिरिक्त पुलिस बल नहीं मिला, लेकिन इसके बावजूद शहर में सुरक्षा व्यवस्था संभालने में स्थानीय पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के नेतृत्व में नवरात्रि उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अतिरिक्त बल की कमी के बीच स्थानीय पुलिस की तैनाती और व्यवस्था पर एसपी की निगरानी अहम रही। त्योहार की तैयारियों को लेकर 7 अक्टूबर को आयोजित बैठक में एसपी संपत उपाध्याय ने दुर्गा उत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों और जुलूसों की व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए थे। इन तैयारियों का उद्देश्य भीड़ के बीच शांति बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखना था।
नवरात्रि के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और दुर्गा पंडालों के आसपास पुलिस की तैनाती दिखाई दी। बैरिकेडिंग के जरिए यातायात को व्यवस्थित रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने की व्यवस्था की गई। प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे, ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। करीब 150 अतिरिक्त जवानों की कमी के बावजूद स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा और यातायात, दोनों मोर्चों पर जिम्मेदारी निभाई। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में मैदानी पुलिसकर्मियों की सक्रियता के साथ अधिकारियों के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण रहा।







