कटनी

चंडिका मंदिर से शुरू हुआ जवारा विसर्जन जुलूस, मोहन घाट में होगा विसर्जन

कटनी, यशभारत। नवरात्र पर्व की नवमी के अवसर पर आज विभिन्न देवी मंदिरों से जवारा का विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा है। इसी कड़ी में उपनगरीय क्षेत्र चंडिका नगर स्थित चंडिका देवी मंदिर से जवारा विसर्जन जुलूस आज शाम 5 बजे ढोल धमाके एवं आतिशबाजी के बीच शुरू हुआ। इसके पहले मां चंडिका देवी की पूजा अर्चना एवं आरती उतारी गई। बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने जवारे के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाएं सिर पर जवारा कलश रखकर चल रही थी। इसके अलावा काली माई का नृत्य बहु आकर्षण का केंद्र रहा। जवारा विसर्जन जुलूस चंडिका नगर से प्रारंभ होकर कुठला, अहमदनगर, बस स्टैंड, नदीपार, चांडक चौक होते हुए कटनी नदी के मोहन घाट पहुंचकर समाप्त होगा। यहां श्रद्धा भक्ति के साथ जगत जननी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। जवारा विसर्जन जुलूस में जय मां चंडिका मंदिर ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारी सदस्य क्षेत्र के लोग एवं गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
आज शाम जालपा मढिय़ा से उठेंगे जवारे
आज नवरात्र पर्व की नवमी मनाई जा रही है। इस अवसर पर मंदिरों के साथ ही घरों में कन्या भोजन का आयोजन किया जा रहा है। नवमी पर्व पर शहर के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जानकारी के मुताबिक आज परंपरानुसार मां जालपा मढिय़ा के जवारों का जुलूस आज शाम 7 बजे निकाला जाएगा। जालपा मढिय़ा से शुरू होकर जवारा जुलूस पुरानी बस्ती, जवारा गली होते हुए कटनी नदी पहुंचकर समाप्त होगा। यहां अपार आस्था के बीच जवारों का विसर्जन किया जाएगा। इसी तरह आजाद चौक बावली टोला स्थित मरही माता मंदिर और चंडिका नगर स्थित चंडिका देवी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों के जवारों का जुलूस शाम को निकाला जाएगा और कटनी नदी में श्रद्धा के साथ ही विसर्जन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button