MP बोर्ड परीक्षा में बदला प्रश्नपत्र का पैटर्न, 2 अंकों के सवालों में विकल्प खत्म , 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को अब हर लघु उत्तरीय प्रश्न का देना होगा जवाब, 3 और 4 अंकों के प्रश्नों में विकल्प रहेंगे बरकरार

MP बोर्ड परीक्षा में बदला प्रश्नपत्र का पैटर्न, 2 अंकों के सवालों में विकल्प खत्म
10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को अब हर लघु उत्तरीय प्रश्न का देना होगा जवाब, 3 और 4 अंकों के प्रश्नों में विकल्प रहेंगे बरकरार
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र पैटर्न में बदलाव किया है। नए बदलाव के तहत अब 2 अंकों वाले लघु उत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा समाप्त कर दी गई है। इसका सीधा असर परीक्षार्थियों की परीक्षा रणनीति पर पड़ेगा। अब विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र में दिए गए 2 अंकों के सभी प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य होगा। वे अपनी पसंद के अनुसार किसी एक प्रश्न को चुनकर दूसरे को छोड़ नहीं सकेंगे। हालांकि विद्यार्थियों को आंशिक राहत देते हुए 3 और 4 अंकों वाले प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। यानी इन प्रश्नों में छात्र उपलब्ध विकल्पों में से अपनी सुविधा के अनुसार प्रश्न का चयन कर सकेंगे। प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इन परीक्षाओं में करीब 18 लाख विद्यार्थियों के शामिल होने की बात कही गई है। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के पैटर्न में हुए इस बदलाव के चलते विद्यार्थियों को अपनी तैयारी और समय प्रबंधन की रणनीति में बदलाव करना होगा। खास तौर पर 2 अंकों वाले प्रश्नों के लिए सभी निर्धारित विषयों की तैयारी पर ध्यान देना जरूरी होगा।







