सड़क हादसा: NH-43 पर गाय को बचाने के चक्कर में ट्रक-स्कॉर्पियो की भिड़ंत, 5 गंभीर घायल

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के नेशनल हाईवे-43 (NH-43) पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा घटित हो गया। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुर-उमरिया बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ निवासी घायलों की स्कॉर्पियो कार शहडोल से कटनी की ओर आ रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर अचानक सामने बैठी एक गाय को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिससे कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घायल हुए सभी लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनके नाम स्वातिक चौरसिया, बबलू प्रजापति, विनीता चौरसिया, हर्षित चौरसिया, रवीश ठाकुर बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, स्थानीय पुलिस और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बड़वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कटनी जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घटनास्थल पर पहुंची बड़वारा थाना पुलिस ने मार्ग से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले में वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








