पुलिस ने 21 किलो से अधिक गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

पुलिस ने 21 किलो से अधिक गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना शाहजहाँनाबाद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 21 किलोग्राम से अधिक गांजा और अवैध बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि 16 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बंजारा बस्ती टीबी अस्पताल के पीछे, 18 क्वार्टर, शाहजहाँनाबाद निवासी रितिक जाटव पिता स्व. दयाराम जाटव 26 वर्ष को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पहले 1.454 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रितिक ने अपने घर के पीछे अवैध गांजा और बिक्री के रुपये छिपाकर रखना बताया। उसकी निशानदेही पर बोरी में रखे 4 पैकेट वजन 20.302 किग्रा, कीमत करीब ₹5,20,000 और गांजा बेचकर कमाए गए ₹19,650 नकद जप्त किए गए। पुलिस ने कुल 21.729 किलोग्राम गांजा जप्त किया है, जिसकी कुल कीमत ₹5,55,000 आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी रितिक जाटव के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, गाली-गलौज, अड़ीबाजी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।







