Top-5देशमुख्य ख़बरें

गुजरात की फार्मा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, पांच कर्मचारियों की मौत, कई झुलसे

भरूच। गुजरात के भरूच जिले में शुक्रवार देर रात एक फार्मास्यूटिकल्स फैक्ट्री में भीषण विस्फोट होने से पांच कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। हादसा वागरा तालुका के सायखा जीआईडीसी स्थित सिनजील फार्माकेम कंपनी में हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हाइड्रोजनीकरण के दौरान फटा धमाका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में उत्पादन संबंधी काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारी हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया में जुटे थे। बताया जा रहा है कि किसी मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से वहां काम कर रहे कर्मचारी गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। वागरा पुलिस के मुताबिक, शुरुआती सूचना में छह लोगों के विस्फोट की चपेट में आने की बात सामने आई थी। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए भरूच और वडोदरा के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एक साल पहले शुरू हुई थी यूनिट

जानकारी के अनुसार, सायखा जीआईडीसी स्थित यह फार्मास्यूटिकल्स इकाई करीब एक साल पहले ही शुरू हुई थी। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फैक्ट्री में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, मशीन में खराबी कैसे आई और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं, इन बिंदुओं की जांच की जा रही है। हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा और मशीनों के रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button