प्रयागराज से लौटते ही गिरफ्त में आया मासूम से दरिंदगी का आरोपी,सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

जबलपुर,यशभारत। विजय नगर थाना क्षेत्र में दो साल की मासूम बच्ची के अपहरण और यौन अपराध के मामले में गिरफ्तार आरोपी आशीष पटेल को पकड़ने के लिए पुलिस को सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पड़े। वारदात के बाद आरोपी जबलपुर से भागकर पहले मैहर और फिर प्रयागराज पहुंच गया था। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई। प्रयागराज से जबलपुर लौटने पर विजय नगर पुलिस ने उसे दीनदयाल बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ के मुताबिक, घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। मजदूरी करने वाला एक परिवार विजय नगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिजनों की नींद खुली तो दो साल की बच्ची गायब मिली। परिवार ने आसपास तलाश की तो बच्ची कुछ दूरी पर स्थित दूसरी निर्माणाधीन इमारत में मिली। घटना की सूचना पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और मेडिकल परीक्षण के दौरान बच्ची के साथ यौन अपराध के संकेत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को चुप कराने के लिए उसका चेहरा रेत में दबा दिया था। बच्ची का रोना बंद होने पर वह उसे मृत समझकर मौके से भाग गया। मासूम की जान बच गई। इस घटनाक्रम के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी।
सैकड़ों फुटेज खंगालने के बाद मिली आरोपी की कड़ी
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिरों से मिली जानकारी के साथ तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जबलपुर से निकलकर मैहर होते हुए प्रयागराज पहुंच गया था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों के फुटेज खंगाले। आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने के बाद उसकी तलाश जारी रखी गई। प्रयागराज से जबलपुर लौटने पर पुलिस ने उसे दीनदयाल बस स्टैंड के पास दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के मामले में संलिप्तता स्वीकार की है, ऐसा पुलिस का कहना है।
कोतवाली में 70 वर्षीय महिला पर हमले का भी आरोप
पुलिस जांच में आरोपी का नाम कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य गंभीर वारदात से भी जुड़ा। पुलिस के अनुसार, उसी रात करीब दो से तीन बजे के बीच एक घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया गया था। इस दौरान घर में सो रही 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया गया। महिला के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग निकला था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान संदिग्ध का हुलिया विजय नगर मामले में गिरफ्तार आशीष पटेल से मेल खाया। इसके बाद दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं।
जबेरा थाने में दर्ज हैं 11 आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय आशीष पटेल जबेरा थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जबेरा थाने में पहले से 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अधिकांश मामले चोरी, गृहभेदन, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, यौन अपराध, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास और गृहभेदन सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। दोनों घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी को गिरफ्तार करने में विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज के साथ आरक्षक विक्रम सिंह,आदित्य परस्ते,सत्यम पटेल और योगेश ठाकुर की विशेष भूमिका रही।







