रेस्टोरेंट के किचन में लगी आग, जान बचाने पहली मंजिल से कूदे लोग

नई दिल्ली। दिल्ली के मौजपुर इलाके में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट के किचन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दहशत के चलते कुछ लोग जान बचाने के लिए पहली मंजिल से नीचे कूद गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब 10:34 बजे उधम रेस्टोरेंट में हुआ। रेस्टोरेंट के किचन में आग लगते ही कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख कुछ लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, जबकि कुछ अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल से नीचे कूद पड़े।
कर्मचारियों ने दिखाई सूझबूझ
आग लगने के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने घबराने के बजाय खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उनकी तत्परता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस बीच सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और एहतियाती कार्रवाई की गई।
आग के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के दौरान मची अफरातफरी के बावजूद किसी के घायल नहीं होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।







