Top-5देशमुख्य ख़बरें

राहुल गांधी की याचिका में 14 खामियां, सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई टली

नई दिल्ली, यशभारत। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी समेत विपक्ष के 11 नेताओं की याचिका फिलहाल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो सकी है। सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने याचिका में 14 तकनीकी खामियां बताई हैं। इन आपत्तियों को दूर किए बिना मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू होना मुश्किल है। इसके चलते मंगलवार को याचिका पर सुनवाई नहीं होगी और न ही इसे अदालत में मेंशन किया जाएगा।

वकालतनामे से लेकर कोर्ट फीस तक में आपत्तियां

याचिका की जांच के दौरान प्रतिवादियों के नाम और विवरण में गड़बड़ी, निजी पक्षकारों को प्रतिवादी बनाने के संबंध में स्पष्टीकरण की कमी और पुराने न्यायिक फैसले की प्रति संलग्न नहीं होने जैसी त्रुटियां सामने आई हैं। इसके अलावा, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को छोड़कर अन्य नौ याचिकाकर्ताओं की ओर से वकालतनामा दाखिल नहीं किया गया है।

रजिस्ट्री ने खरगे के पहचान पत्र की प्रति स्पष्ट नहीं होने, 220 रुपये की कोर्ट फीस कम जमा होने और दस्तावेजों की छपाई में गड़बड़ी जैसी तकनीकी आपत्तियां भी दर्ज की हैं। इन कमियों को दूर करने के बाद ही याचिका को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

सोमवार को दाखिल की गई थी याचिका

जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को रजिस्ट्री को याचिका से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे, ताकि मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सके। हालांकि, जांच के दौरान तकनीकी खामियां सामने आने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। अब याचिकाकर्ताओं को पहले इन आपत्तियों का समाधान करना होगा। इसके बाद ही सुनवाई की तारीख तय होने की संभावना है।

एसआईआर पर रोक लगाने की मांग

राहुल गांधी और विपक्षी दलों के नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में मार्च निकालने के बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताएं हो रही हैं। याचिका में एसआईआर पर तत्काल रोक लगाने के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी की गई है।

विपक्ष के 11 नेता याचिकाकर्ता

याचिका दाखिल करने वाले नेताओं में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, माकपा के एमए बेबी, भाकपा के डी. राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सुप्रिया सुले और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर शामिल हैं।

याचिका में भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू को प्रतिवादी बनाया गया है। फिलहाल, याचिका की तकनीकी खामियां दूर होने का इंतजार है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए कब सूचीबद्ध होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button