शहर के तीन अलग अलग इलाकों में राहगीरों से सोने की चैन व आईफोन लूटकर फरार बदमाश

शहर के तीन अलग अलग इलाकों में राहगीरों से सोने की चैन व आईफोन लूटकर फरार बदमाश
भोपाल, यश भारत। राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात बदमाशों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया है। छोला मंदिर, बागसेवनिया और एमपी नगर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। बदमाश पैदल चल रहे लोगों को निशाना बनाकर सोने की चेन और कीमती मोबाइल फोन झपटकर आसानी से रफूचक्कर हो गए।
गोल्ड कॉलोनी में राहगीर से सोने की चेन लूटी
पहली वारदात छोला मंदिर थाना क्षेत्र के अयोध्या बायपास स्थित गोल्ड कॉलोनी की है। यहां पैदल जा रहे 48 वर्षीय बलिराम को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। पीड़ित जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
साकेत नगर में फोन पर बात कर रहे युवक का आईफोन झपटा
दूसरी घटना बागसेवनिया थाना इलाके के साकेत नगर की है। यहां 22 वर्षीय अरनव लाड पैदल चलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनके हाथ से कीमती आईफोन झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।
एमपी नगर जोन-वन में टहल रहे युवक को बनाया निशाना
तीसरी वारदात एमपी नगर थाना इलाके के व्यस्तम जोन-वन क्षेत्र में हुई। यहां बीती रात एक युवक टहल रहा था, तभी अज्ञात बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल फोन झपट कर फरार हो गए।
लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। संबंधित थानों में मामले दर्ज कर लिए गए हैं तथा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।







