‘क्या मेरा बेटा देशद्रोही है?’ -अनीता दीपके, दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

हिंगोली, यशभारत। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजीपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाने को लेकर विवाद गहरा गया है। उनकी मां अनीता दीपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस उनके बेटे को दादी के निधन की जानकारी देने के मामले में झूठ बोल रही है। परिवार का अभिजीत से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। अनीता दीपके ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि उनके बेटे को शनिवार को ही रिहा कर दिया जाता, तो वह रविवार को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकता था। उन्होंने दुख जताया कि अब उनका बेटा अपनी दादी का चेहरा आखिरी बार भी नहीं देख सका। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उनके बेटे ने ऐसा कौन-सा अपराध किया था कि उसे अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने पूछा, ‘क्या मेरा बेटा आतंकवादी या देशद्रोही है?’
दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अभिजीत की दादी का निधन हिंगोली जिले के पैतृक गांव संडुक पिंपरी में हुआ। परिवार उनके पहुंचने का इंतजार कर रहा है और अंतिम संस्कार टालने की बात कही गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को शनिवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत एहतियातन हिरासत में लिया गया था। रविवार को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी के बाद 50 हजार रुपये का जमानत बॉन्ड भरने पर तीनों को रिहा कर दिया गया।







