लोकतंत्र को बचाने देश के लोगों को देना होगी आहुति : उमंग सिंघार, नेता प्रतिपक्ष बोले : महाभियोग लाकर हटाया जाना चाहिए ज्ञानेश कुमार को

कटनी, यशभारत। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज कटनी पहुंचे। माधवनगर सर्किट हाऊस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ रही है। वोट चोरी का मुद्दा सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं सांसद प्रियंका गांधी के साथ ही पूरा विपक्ष इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहा है। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस लगातार मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे को उठा रही है। आम आदमी की आवाज और अभिव्यक्ति को दबाया जा रहा है।
श्री सिंघार ने कहा कि 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं और बूथ लेवल अधिकारी भी अपने बूथ की पूरी मतदाता सूची नहीं देख पा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है और मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों को छिपाया जा रहा है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। सिंघार ने कहा कि भाजपा को मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा लेना चाहिए और संविधान तथा लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर सभी संबंधित सांसदों के साथ सार्वजनिक बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए अब महाभियोग लाना चाहिए। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष पूर्व विधायक सौरभ सिंह, कांग्रेस नेता संदीप बाजपेयी पप्पू, करण सिंह चौहान, राजा जगवानी सहित अन्य नेताओं की उपस्थिति रही।









