जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग को ढहाया नगर निगम ने, क्रेन और जेसीबी लगाकर गिराया भवन, एक दिन पहले मुनादी कर दी थी सूचना, सुरक्षा के मद्देनजर तैनात रही पुलिस, आवागमन भी रहा बाधित

कटनी, यशभारत। भट्ठा मोड़ पर स्थित जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग को आज बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम प्रशासन ने सुबह ठीक 10 बजे से भवन को गिराने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान भट्ठा मोहल्ला की तरफ से आवागमन बाधित रहा, जबकि मिशन चौक से बरगवां की ओर एक ही साइड से वाहनों को आने-जाने दिया गया, जिसकी वजह से जाम की स्थिति निर्मित रही। गौरतलब है कि पिछले दिनों अग्रवाल बिल्डिंग में एक बुजुर्ग की बारजा गिरने से उसके मलबे में दबकर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लग गया था। नगर निगम ने इस साल बारिश के पहले 51 जर्जर भवनों को गिराने के लिए सूची तैयार की थी लेकिन इक्का-दुक्का ही भवनों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि इस घटना के बाद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग को गिराने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। बुधवार को नगर निगम द्वारा मुनादी के माध्यम से अग्रवाल बिल्डिंग के दुकानदारों को आज होने वाली कार्रवाई की सूचना दी गई। आज सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में एक बड़ी क्रेन और एक जेसीबी लगाकर भवन को गिराने की कार्यवाही शुरू हुई। बताया जाता है कि यह भवन कई सालों से जर्जर स्थिति में था लेकिन भवन के नीचे कई सालों से काबिज किराएदारों द्वारा दुकान खाली नहीं की जा रही थी।
तैनात रहे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी
मिशन चौक स्थित पुरानी हीरो होंडा एजेंसी के पास भट्ठा मोहल्ला मोड़ पर स्थित अग्रवाल बिल्डिंग को गिराए जाने की कार्रवाई के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय ने बताया कि बिल्डिंग के आसपास किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया था। पुलिस द्वारा मौके पर बैरिकेड्स भी लगाए गए। बिल्डिंग को गिराए जाने के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई। राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया।
बुजुर्ग और पत्रकार की मौत
विदित हो कि कुछ समय पहले ही यहां एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। बुजुर्ग जब निस्तार के लिए जा रहे थे, इसी दौरान जर्जर भवन का बारजा गिर गया था और इसके मलमे में दबकर बुजुर्ग की मौत हो गई थी। कुछ साल पहले भी पत्रकार अवधेश सिंह की बिल्डिंग से नीचे गिरने से मौत हो गई थी। 







