कुएं में मिला 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव : कमर से बंधा था 5 किलो का पत्थर; जांच में जुटी पुलिस

सागर, यशभारत ।सागर जिले के देवरी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम धुलतरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के पास बने कुएं से 74 वर्षीय एक वृद्ध महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका की पहचान रामरती राजपूत (पति नारायण राजपूत) के रूप में हुई है। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला की कमर में पांच किलो से अधिक वजन का पत्थर बंधा हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, रामरती राजपूत अपने घर से अचानक गायब हो गई थीं। परिजनों ने जब उन्हें काफी देर तक घर में नहीं देखा, तो आसपास खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर के समीप स्थित कुएं के पास संदिग्ध परिस्थितियां नजर आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से कुएं में तलाश अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद जब महिला का शव कुएं से बाहर निकाला गया, तो वहां मौजूद पुलिस और परिजनों के होश उड़ गए। मृतका की कमर में कपड़े के सहारे करीब 5 किलो से ज्यादा वजनी पत्थर बंधा हुआ था।
लंबे समय से बीमार थीं मृतका
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामरती राजपूत पिछले काफी समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। उनका लगातार इलाज चल रहा था और स्वास्थ्य संबंधी अत्यधिक परेशानियों के कारण उनके तीन बड़े ऑपरेशन भी हो चुके थे।
कमर में भारी पत्थर बंधा मिलने के कारण मामला बेहद पेचीदा और संदिग्ध हो गया है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि वृद्ध महिला कुएं तक कैसे पहुंचीं और उनकी कमर में इतना भारी पत्थर कैसे बंधा? क्या यह किसी अनहोनी का शिकार हुईं, मानसिक तनाव या बीमारी से तंग आकर आत्महत्या का कदम उठाया या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है?
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और तत्पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में हर पहलू से निष्पक्ष जांच जारी है।







