कटनी

पुरस्कृत होंगे विजयराघवगढ़ टीआई, उत्कृष्ट कार्य और साहस के लिए मिलेगा सम्मान, प्रदेश के 37 चुनिंदा पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों में शामिल

कटनी, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित के एफ रुस्तम जी पुरस्कार वर्ष 2024-25 की घोषणा कर दी गई है। डीजीपी पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा जारी पुरस्कार सूची में प्रदेश के 37 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे का नाम भी शामिल है। चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को असाधारण वीरता, साहस, उत्कृष्ट पुलिस कार्य, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के तहत चयनित पुलिसकर्मियों को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार पुलिस के प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है। यह सम्मान दस्यु उन्मूलन अभियान, नक्सल विरोधी अभियान, सांप्रदायिक दंगों तथा गंभीर कानून व्यवस्था की परिस्थितियों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे का चयन उनके द्वारा ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ रहते हुए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया है। उनका नाम प्रतिष्ठित पुरस्कार की सूची में शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button