तीन दिन से मटमैले पानी की सप्लाई, नगर निगम पर उठे सवाल

तीन दिन से मटमैले पानी की सप्लाई, नगर निगम पर उठे सवाल
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में पिछले तीन चार दिनों से कई इलाकों में गंदे और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड क्रमांक 35 की पार्षद शिरीन खान ने पानी की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए एक वीडियो जारी किया है। पार्षद ने वीडियो में मटमैले पानी को दिखाते हुए आरोप लगाया कि नलों से आ रहा पानी पीने तो दूर हाथ धोने के लायक भी नहीं है। उनका कहना है कि दूषित पानी की समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता
पार्षद शिरीन खान ने कहा कि नागरिकों से नियमित रूप से टैक्स वसूला जाता है लेकिन इसके बावजूद यदि उन्हें साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। दूषित पानी की लगातार आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका भी जताई गई है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पानी की पाइपलाइन और सप्लाई व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है। साथ ही जल्द से जल्द शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति बहाल करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो दूषित पानी के कारण परेशानी और बढ़ सकती है। अब नगर निगम की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है इस पर लोगों की नजर है।







